मंडावली के गांव मंझाड़ी में गुलदार की मौत की सूचना पहुंचे वन अधिकारी।
मंडावली/नजीबाबाद। गांव मंझाड़ी भट्टे के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर में एक फिशिंग कैट की मौत हो गई। क्षेत्रवासियों ने फिशिंग कैट को ही गुलदार समझ लिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
मंडावली के गांव मंझाड़ी के भट्टे के निकट रात्रि में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से फिशिंग कैट की मौत हो गई। ग्रामीणों की सड़क किनारे गुलदार के शव होने की सूचना पर मोटा महादेव पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर वापस लौट गए। सड़क किनारे गुलदार का शव होने से क्षेत्रवासियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।
दोपहर बाद सामाजिक वानिकी विभाग के डिप्टी रेंजर हरि गोविंद सिंह, दरोगा नीतीश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि शव गुलदार का नहीं, बल्कि फिशिंग कैट का है, जो नदियों में मछलियों का शिकार करती है। किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से फिशिंग कैट की मौत हुई है। डिप्टी रेंजर ने फिशिंग कैट के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया।
गुलदार ने कुत्ते को बनाया निवाला
मंडावली। मंझाड़ी भट्टे के निकट बाबा धर्मकांटे पर शुक्रवार को गुलदार ने एक कुत्ते को निवाला बना दिया। अचानक शोर सुनकर धर्मकांटे का मुंशी फुरकान नींद से जागा। मुंशी ने बताया कि गुलदार कुत्ते को मुंह में दबोच कर गन्ने के खेत में जा घुसा। खेतों में गुलदार होने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।