-जनमंच प्रेक्षागृह में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होकर अपराह्न तीन बजे तक चलेगी प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक आज होगी, जिसमें कार्यकारिणी समिति का चुनाव मुख्य एजेंडा है। बैठक जनमंच प्रेक्षागृह में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होकर अपराह्न तीन बजे तक चलेगी।
निगम चुनाव में इस बार महापौर का ताज डॉ. अजय कुमार के सिर पर सजा है। कुल 70 पार्षदों में 50 से अधिक नए चेहरे हैं, जिनके लिए बोर्ड की पहली बैठक एक नया अनुभव होगी। कार्यकारिणी में चुनाव को लेकर पार्षदों के बीच 18 जून तक जोड़तोड़ चलती रही। कार्यकारिणी के चुनाव में 11 बजे से 11.30 बजे तक नामांकन पत्र खरीदे जाएंगे। 11.30 से 12 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे। इसके बाद 12 बजे से 12.30 बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी होगी। यदि मतदान की स्थिति बनेगी तो 1.30 से 3.00 बजे के बीच मतदान कराया जाएगा। तीन बजे से मतों की गणना का काम शुरू होगा।