सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में कलक्ट्रेट के निकट चश्मों की दुकान में आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये के चश्मे और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
कलक्ट्रेट के निकट संजीव बजाज की चश्माें की दुकान और ऊपर ही मकान है। सोमवार की रात करीब ढाई बजे दुकान में आग लग गई। पता लगते ही अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ पंवार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग में चश्मे और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह शाॅर्ट सर्किट माना जा रहा है। अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ पंवार ने बताया कि तीन बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
हो सकता था बड़ा हादसा
जिस जगह आग लगी है, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यहीं पास में कलक्ट्रेट और पुलिस लाइन भी स्थित है। चश्मों की दुकान के बराबर में कई दुकानें और मकान भी हैं। आग की लपटें दुकान से ऊपर मकान तक भी पहुंच गई थी, लेकिन दमकल विभाग ने आग को समय रहते बुझा दिया। वहीं, आग की वजह से बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास की दुकानें और मकान भी चपेट में आ सकते थे।