गांव रायपुर की नूरबस्ती में आग से खाक हुआ सामान और मौके पर जुटे ग्रामीण
बेहट/मिर्जापुर। कोतवाली मिर्जापुर के रायपुर की नूर बस्ती के छप्परनुमा मकानों में आग लगने से लाखों रुपये का घरेलू सामान जल गया। ग्राम प्रधान की सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बामुश्किल आग पर काबू पाया।
गांव रायपुर की नूर बस्ती में दोपहर ढाई बजे नासिर पुत्र सुलतान के छप्परनुमा मकान से आग की लपटें उठने लगी। इस दौरान आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग में उसके घर में रखा घरेलू सामान, 20 हजार की नकदी एवं उसके घर के पास ही स्थित समी पुत्र बशीर के घर में रखी 15 हजार की नकदी, मोटरसाइकिल नुमा रेहड़ा, चारपाई, बर्तन, शाकिर पुत्र शमी की अलमारी, जेवर, घरेलू सामान, मुशर्रफ पुत्र मुंशी की अलमारी, जेवर, अनाज जल गया। आग ने तेजी से घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंची और आग को बुझाने के प्रयास में जुट गई।
मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान राव आरिफ ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मात्र 30 मिनट बाद ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। सूचना के बाद नायब तहसीलदार अनिल कुमार और लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।