हमलावरों द्वारा तोडे गए पुलिस की डायल 112 के शीशे
छुटमलपुर (सहारनपुर)। शराब के ठेके पर मारपीट की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से सेल्समैन और उसके परिजनों ने मारपीट कर दी। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। हमलावरों ने लाठी डंडों से पीआरवी गाड़ी के शीशे भी तोड़ डाले। सूचना पर थाने से पहुंची पुलिस हमलावर बाप-बेटे को लेकर थाने आ गई। पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात 11 बजे पंकज राणा अपने साथी भोपिंद्र निवासी ग्राम बेहड़ी घोघू के साथ गांव में ही स्थित शराब की दुकान पर शराब लेने के लिए गया था। दुकान के अंदर सो रहे सेल्समैन आशीष पुत्र नेत्रपाल ने शराब देने से मना कर दिया। विवाद हुआ तो आशीष ने दोनों के साथ मारपीट कर उन्हें भगा दिया। इस पर पंकज राणा ने डायल 112 नंबर पर काल कर मारपीट की सूचना दी। सूचना पर पीआरवी 0973 मौके पर पहुंची और जैसे ही पुलिसकर्मियों ने आशीष को पकड़ना चाहा तो आशीष ने अपने भाई आदित्य तथा पिता नेत्रपाल के साथ मिल कर पुलिसकर्मियों से मारपीट कर दी तथा गाड़ी के भी शीशे लाठी-डंडों से तोड़ डाले। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और थाना पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद भारी संख्या में पुलिस लेकर थानाध्यक्ष प्रमोद रावल गांव पहुंचे। पुलिस ने मौके से आशीष और उसके पिता नेत्रपाल को धर दबोचा। जबकि आशीष का भाई आदित्य मौके से भाग निकला।थानाध्यक्ष ने बताया कि उक्त घटना के संबंध में काॅलर पंकज राणा पुत्र अग्रसेन की तहरीर पर मारपीट तथा डायल 112 पर तैनात हेड कांस्टेबल विपिन कुमार की तहरीर पर पुलिसकर्मियों से मारपीट, गाड़ी के शीशे तोड़ने आदि के संबंध में बाप-बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आशीष और नेत्रपाल को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया जबकि आदित्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।