देवबंद। जखवाला गांव से लौट रही बरात की कार बराबर से गुजर रहे पिकअप वाहन से टकरा गई। जिसको लेकर दोनों वाहन चालकों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दंपती और उनका बेटा घायल हो गए। पिकअप चालक ने साथियों के उनकी कार में भी तोड़फोड़ की। जिससे अफरा तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार की रात्रि उत्तराखंड के लक्सर निवासी राजू कुमार की बरात क्षेत्र के जखवाला गांव में संदीप कुमार के यहां आई थी। देर रात्रि बरात लौट रही थी। बरात की गाड़ियां जब नगर के भायला रेलवे फाटक के समीप पहुंचीं तो एक कार बराबर से गुजर रहे पिकअप वाहन से टकरा गई। जिसको लेकर दोनों वाहन चालकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में बरात में शामिल हरियाणा के कुरुक्षेत्र के लाडवा गांव निवासी इकबाल सिंह, उनकी पत्नी आरती और बेटा लितेश घायल हो गए। आरोप है कि पिकअप चालक ने फोन कर अपने कई साथियों को भी बुला लिया। जिन्होंने उनकी कार में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं हमलावरों ने एक महिला के गले से सोने की चेन और उसका पर्स भी छीन लिया। पर्स में हजारों रुपये की नकदी रखी थी। इस दौरान हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पिकअप वाहन चालक सहित उसके साथी मौके से फरार होने लगे। जिनमें पुलिस ने तीन युवकों को दबोच लिया। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि मारपीट के आरोपी थाना नागल के शिवपुर निवासी युवक रोहित, राहुल और अनिकेत को गिरफ्तार किया है। जिन्हें जेल भेज दिया गया है।
पहले नहर में गिरी बरात की कार
देवबंद। लक्सर से जखवाला जो बरात आ रही थी। उसमें शामिल एक कार रात्रि में ही अंबहेटा शेखा मोड पर नहर में गिर गई। गनीमत रही कि कार को नहर में गिरते लोगों ने देख लिया और तुरंत ही पुलिस को इसकी सूचना दी। वहां इकट्ठा हुए लोगों ने कार में फंसे तीन लोगों को सकुशल बाहर निकाल दिया। बाद में पुलिस ने क्रेन मंगाकर कार को बाहर निकलवाया।