छुटमलपुर (सहारनपुर)। ट्रैक्टर की साइड लगने के विवाद में दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि दूसरे का उपचार सीएचसी में चल रहा था। मामला राजपूत और अनुसूचित जाति के युवकों के बीच होने के चलते दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव जजनैर निवासी राजपूत बिरादरी का अंकित पुत्र सुरेंद्र ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे लिंटर डालने वाली मिक्सर मशीन बांध कर गांव ले रहा था। बताया जाता है कि जब वह गांव रेडी के बीच से गुजर रहा था तो यहां उसकी ट्रॉली की साइड अनुसूचित जाति के युवक अनुज पुत्र हरपाल को लग गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें दोनों को काफी चोटें आई हैं। अनुज को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अंकित का सीएचसी पर उपचार चल रहा था।
अनुसूचित पक्ष का आरोप है कि अंकित ने लोहे की रॉड से अनुज पर हमला किया है, जबकि थाने पहुंचे राजपूत पक्ष के लोगों का आरोप था कि साइड लगने के विवाद में अंकित से मारपीट करने के साथ ही उस पर पथराव भी किया गया। देर रात तक बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पर डटे थे। उधर, थानाध्यक्ष प्रमोद रावल ने बताया कि ट्रॉली की साइड लगने को लेकर मारपीट हुई है। उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।