देवबंद सीएचसी में घायल अवस्था में राज्य मंत्री के बृजेश सिंह के चाचा
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद में सोमवार को भैंसा बुग्गी की साइड लगने को लेकर हुए विवाद के बाद बुग्गी चला रहे व्यक्ति ने राज्यमंत्री बृजेश सिंह के बाइक सवार चाचा समेत दो लोगों को दरांती से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सोमवार दोपहर में लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री बृजेश सिंह के चाचा क्रांति सिंह अपने पोते दिनेश निवासी गांव जड़ौदाजट के साथ बाइक द्वारा त्रिवेणी शुगर मिल जा रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे जब वह रणखंडी रेलवे फाटक पर पहुंचे तो वहां से गुजर रही भैंसा बुग्गी की बाइक में साइड लग गई। इससे दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस बीच भैंसा बुग्गी सवार चालक ने दरांती से हमला कर दिया। जिसमें क्रांति सिंह और दिनेश घायल हो गए। बीच-बचाव को आए गांव मिरगपुर निवासी सतबीर भी दरांती के हमले में घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि विजय त्यागी, नगरपालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग, सभासद मनोज सिंघल, शुभम सिंघल, अभिषेक त्यागी आदि भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण सीएचसी पहुंचे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल एचएन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपी नौशाद को हिरासत में ले लिया। कोतवाल का कहना है कि एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इंटरनेट सेवाएं कराई बंद
रणखंडी रेलवे फाटक पर राज्यमंत्री के चाचा के साथ हुए झगड़े की वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। मामला अलग अलग समुदाय से जुड़ा होने के चलते वीडियो तेजी के साथ वायरल हो गई। पुलिस ने किसी भी तरह की तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसलिए क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद करा दी।