छुटमलपुर (सहारनपुर)। उप्र सरकार में वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री केपी मलिक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए छात्र-छात्राएं आगे आकर आम जन को जागरूक करने का काम करें ताकि हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण दे सकें।
रेडी गांव स्थित शिवालिक इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में आयोजित अपने अभिनंदन समारोह में राज्यमंत्री केपी मलिक ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग आज बड़ी समस्या बन चुकी है। प्रकृति के साथ छेड़छाड़ के कुपरिणाम हमारे सामने आने लगे हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए नई पीढ़ी को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस तरफ विशेष कार्ययोजना बना कर काम कर रही है लेकिन आम जन की भागेदारी के लिए पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है। उन्होंने छात्र-छात्राओं व उपस्थित शिक्षकों को पौधे लगाने व उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संस्थान के सचिव डॉ. जेसी शर्मा, प्राचार्य डॉ. नीरज कौशिक, जिला उपाध्यक्ष भाजपा जितेंद्र जगलान, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राकेश आर्य, सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक वर्मा, शाखा प्रतिनिधि अनिल, प्रधानाचार्य प्रभात कुमार, नीरज शर्मा जी, बाबूराम जी, प्रभात सैनी, पूनम सिंह, पारुल तोमर, पूजा राठी, कुलदीप कुमार, अंकित गुप्ता आदि उपस्थित रहे।