सहारनपुर। गांव सढ़ौली हरिया निवासी बैंक के कर्मचारी ने उत्पीड़न से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या की थी। मृतक के घर से मिले सुसाइड नोट में इसका खुलासा हुआ है। मृतक का उसी के बैंक में काम करने वाले दो कर्मचारी उत्पीड़न कर रहे थे। मृतक के पिता ने आरोपियों के खिलाफ देहात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सढ़ौली हरिया निवासी रणवीर सिंह ने दर्ज कराए मामले में बताया कि उनका पुत्र अजीत कुमार जनपद यमुनानगर में इंडसइंड बैंक में नौकरी करता था। उसके साथ बैंक में काम करने वाले जतिन डोगरा और हरिओम उसके बेटे का उत्पीड़न कर रहे थे। पिछले दिनों परेशान होकर अजीत छुट्टी लेकर घर आ गया था और तनाव में था। छह नवंबर को अजीत ने अपने भाई को फोन कर कहा कि वह खेत पर है और उसने जहर खा लिया है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अजीत के बैग में कुछ कागजात परिजनों को मिले थे। घटना वाले दिन परिजनों ने कागजात नहीं देखे। अब अजीत के पिता ने उनको कागजों देखा तो उसमें सुसाइड नोट मिला, जिसमें अजीत लिखा था कि हरिओम व जतिन डोगरा उसे बेवजह परेशान करते हैं। कई दिनों से उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है। अजीत ने सुसाइड में लिखा था कि हरिओम और जतिन को सजा मिलनी चाहिए। ताकि यह किसी अन्य कर्मचारी का उत्पीड़न न करें। देहात कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर हरिओम और जतिन के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।