बड़गांव के अंबेहटाचांद में बैठक को संबोधित करते पूरण सिंह
बड़गांव। बायो मैडिकल वेस्ट प्लांट का विरोध करने पर प्रशासन द्वारा मुकदमा दर्ज कराने से गुस्साए किसानों ने अंबेहटा चांद में पंचायत कर 27 फरवरी को बड़गांव थाने का घेराव करने का फैसला लिया है। पंचायत में प्रशासन पर एक्सप्रेस वे पर धरनारत किसानों के साथ अभद्रता करने के आरोप लगाकर एसडीएम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
मंगलवार को गांव अंबेहटाचांद में प्रस्तावित बायो मैडिकल वेस्ट प्लांट के विरोध करने पर प्रशासन द्वारा मुकदमा दर्ज कराने पर किसानों में गुस्सा है। बृहस्पतिवार को अंबेहटाचांद में आयोजित पंचायत में भारतीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने गहरी नाराजगी जताते कहा कि ऐसी कौन सी मजबूरी है जो एक प्राइवेट प्लांट के लिए प्रशासन द्वारा किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जिसे अब क्षेत्रीय किसान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने बुधवार को प्रशासन पर बड़गांव में एक्सप्रेस वे पर मांगों को लेकर धरनारत किसानों की बात सुने बिना ही उनके साथ अभद्रता करने के आरोप लगाए। कहा प्रशासन किसानों पर मुकदमे दर्ज करा सकता है तो किसान भी एसडीएम रामपुर पर अभद्रता करने पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करेगा। बाद में किसानों ने आगामी 27 फरवरी को थाने पर महापंचायत करने का फैसला लिया है। बैठक में हरनरेंद्र सिंह, आशीष पुंडीर, कुशल पाल सिंह, प्रदूमन,सोनू, सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।