बडूली गांव के प्राथमिक स्कूल में बंद किए गए छुट्टा गौवंश
बड़गांव। गांव बडुली के किसानों ने छुट्टा गोवंशों को घेरकर प्राथमिक स्कूल परिसर में बंद कर दिया और लाठी-डंडे लेकर किसान स्कूल गेट पर डटे रहे। इसके चलते स्कूल पहुंचे बच्चों की छुट्टी करनी पड़ी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी और पंचायत सचिव ने कई घंटे की जद्दोजहद के बाद दर्जन भर छुट्टा पशुओं को ट्रैक्टर ट्राॅली में भरकर गोशाला भिजवाया। जबकि बाकी को गोशाला में जगह न होने का हवाला देते हुए खुला छोड़ दिया गया।
बुधवार की सुबह परेशान किसान ने छुट्टा पशुओं को घेरते हुए प्राथमिक स्कूल में ले आए और यहां उन्हें बंद कर दिया। बच्चे स्कूल पहुंचे तो वहां का माहौल देख उनकी छुट्टी करनी पड़ी। इसके बाद पुलिस और अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. प्रमोद कुमार सैनी और पंचायत सचिव नीतिश मलिक मौके पर पहुंचे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को भी बुलाना पड़ा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पशुओं को लेकर पहुंचे। इस पर टैग लगे पशुओं को लौटा दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने ग्रामीणों की सहमति पर इनमें से दर्जन भर गोवंशों गोशालाओं में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की।
मौके पर मौजूद प्रभावित किसानों का कहना था कि सैकड़ों की संख्या में घूम रहे निराश्रित गोवंशों ने उनकी रात की नींद और दिन का चैन छीन लिया है। ये दिन रात उनके खेतों में खड़ी फसलों को तो चौपट कर ही रहे है, वहीं उन पर हमला भी कर रहे हैं। उधर पशु चिकित्साधिकारी डा प्रमोद कुमार सैनी ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर 12 गोवंश को पकड़वा कर गोशाला भिजवाया गया है।