सहारनपुर। महाशिवरात्रि पर्व जिला कारागार में भी श्रद्धाभाव से मनाया। दो बांग्लादेशी महिला रूबी और इमराना ने व्रत रखकर भोले बाबा की अराधना की। इसके साथ ही कुल 282 बंदियों ने व्रत रखा है, जिन्होंने भजन कीर्तन भी किया।
जिला कारागार में बंद रूबी पत्नी इकबाल मूल निवासी सदामोनू जनपद चटगांव बांग्लादेश तीन वर्ष से पासपोर्ट अधिनियम में बंद है। इसके अलावा इमराना पत्नी नौशाद निवासी निकट कोतवाली देहात तीन माह से जेल में बंद है। दोनों महिलाओं को भोले बाबा में आस्था है। दोनों ने महाशिवरात्रि पर व्रत रखकर विधिविधान से भगवान शिव की आराधना की। दोनों ने बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से व्रत रखा है। उनकी भगवान शंकर में आस्था है।
जिला कारागार में 22 महिला और 248 पुरुष बंदियों ने व्रत रखकर पूजा अर्चना की। वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे की देखरेख में महिला और पुरुष बंदियों ने भगवान भोलेनाथ की आराधना एवं भजन कीर्तन किया। इसके साथ ही शिवलिंग पर जल भी चढ़ाया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे ने बताया कि व्रत रखने वाली सभी बंदियों को पूजा व व्रत से संबंधित खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई है। इमराना और रूबी ने भी व्रत रखा है। कारागार की ओर से महाशिवरात्रि पर बंदियों के लिए सभी व्यवस्थाएं की गईं। इस दौरान डिप्टी जेलर अभय शुक्ला, दीपक सिंह, किरन कुमारी, रेनू सहित जेल का स्टाफ मौजूद रहा।