-रेडिएंट वार्मर मशीन बताएगी तापमान और फोटो थैरेपी मशीन पीलिया
-10 वेंटिलेटर, रेडिएंट वार्मर व फोटो थैरेपी की दो-दो मशीनें आएंगी
फोटो समाचार -
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ेंगी। इसको लेकर कवायद तेज हो गई है। वेंटिलेटर, रेडिएंट वार्मर और फोटो थैरेपी मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिससे नवजातों को सिक एंड न्यू बोर्ड केयर यूनिट (एसएनसीयू) में कोई दिक्कत नहीं होगी। मशीनें कम होने से बच्चों में संक्रमण फैलने का खतरा रहता है।
जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार गंभीर है। यही कारण है कि सरकार अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने का काम कर रही है। जब से जिला महिला अस्पताल को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड अवार्ड मिला है, तब से वहां पर सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
जिला महिला अस्पताल के मातृ शिशु इकाई की सिक एंड न्यू बोर्ड केयर यूनिट में एक वेंटिलेटर, 14 रेडिएंट वार्मर और तीन फोटो थैरेपी मशीनें हैं, जिन पर नवजातों का इलाज होता है। अब संसाधनों की संख्या बढ़ेगी। बताया गया कि महिला अस्पताल में 10 वेंटिलेटर, रेडिएंट वार्मर व फोटो थैरेपी की दो-दो मशीनें आएंगी, जिसकी तैयारी चल रही है और जल्द आने की संभावना है।
महिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनदीप सिंह ने बताया कि रेडिएंट वार्मर मशीन नवजात का सही तापमान बताती और फोटो थैरेपी मशीन पीलिया की बीमारी से शिशु का बचाव करती है। एसएनसीयू में मशीनों के बढ़ने से संक्रमण के फैलने का खतरा भी कम होगा।
-
आसपास के जिलों से भी पहुंचते हैं नवजात
महिला अस्पताल के एसएनसीयू में जनपद के अलावा मुजफ्फरनगर और शामली से भी बच्चे पहुंचते हैं। कई बार मुजफ्फरनगर में जगह नहीं होने से बच्चों को सहारनपुर भेज दिया जाता है। इनके अलावा जनपद के स्वास्थ्य केंद्रों से बच्चे आते हैं।
-
बढ़ेगी बेड की संख्या
जिला महिला अस्पताल में एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) है। इसमें बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि भर्ती मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो सके।
-
वर्जन
जिला महिला अस्पताल में मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाए। संसाधन बढ़ेंगे तो इलाज करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। वेंटिलेटर, रेडिएंट वार्मर और फोटो थैरेपी मशीनें आएंगी। इनके अलावा एचडीयू वार्ड में भी बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी।
- डॉ. इंद्रा सिंह, सीएमएस, महिला अस्पताल