बड़ौत। बावली चुंगी स्थित रोडवेज बस अड्डे पर फैली अव्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराएं जाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से बताया कि रोडवेज बस स्टैंड पर न तो यात्रियों के लिए पेयजल की कोई व्यवस्था है और न ही शौचालय की। हल्की बरसात में पूरा बस अड्डा तालाब में तब्दील हो जाता है। यहां से नियमित रूप से बसों का संचालन न होने पर यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैं। उन्होंने वहां पर वरिष्ट नागरिकों के लिए अलग से सेवा काउंटर, बैठने की उचित व्यवस्था और सम्मान जनक व्यवहार प्रदान करने की मांग की। इसी दौरान उन्होंने तहसील स्थित रजिस्ट्री कार्यालय को वृद्ध, बीमार एवं दिव्यांग लोगों की सुविधा के लिए प्रथम तल से भूतल पर स्थानांतरित करने की भी मांग की। इस अवसर पर बेगराज सिंह श्योराण अध्यक्ष , राजवीर सिंह तोमर सचिव, डॉक्टर ओमबीर सिंह उपाध्यक्ष , पीतम सिंह वर्मा पूर्व अध्यक्ष और सत्यपाल सिंह पथोलिया शामिल रहे। संवाद