मल्हीपुर रोड पर पैट्रोल पंप सोट सर्किट से फटा बैटरा लगी भीड़
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मल्हीपुर रोड पर सोमवार देर शाम पेट्रोल पंप के स्टोर में रखी बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से तेज धमाका हो गया। धमाके से लोगों में दहशत का माहौल रहा। तेल डालने का काम भी प्रभावित रहा। हालांकि, गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया।
मल्हीपुर रोड पर पेट्रोल पंप है। सोमवार को करीब पौने आठ बजे पेट्रोल पंप के स्टोर में रखीं बैटरियों में अचानक से शॉर्ट-सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट होने से तेज धमाके के साथ बैटरी फट गई। इससे वहां काम कर रहे सेल्समैन दूर जाकर खड़े हो गए। धमाका इतना तेज था कि दूर तक आवाज गई। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। धमाका होने के काफी देर तक पेट्रोल और डीजल डालने का काम भी प्रभावित हुआ। घटना से एक बार को अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि चिंगारी पेट्रोल पंप की मशीनों तक नहीं पहुंची और बड़ा हादसा होने से टल गया।