सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी उपेंद्र कुमार और सहायक अभियंता आदेश कुमार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है, साथ ही अग्रिम आदेशों के वेतन रोकने के भी निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संबंध में हुई समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले अपर मुख्य अधिकारी और सहायक अभियंता का स्पष्टीकरण मांगा है। बैठक में अनुपस्थित रहने को लेकर जानकारी करने पर पता चला कि अपर मुख्य अधिकारी जनपद मुख्यालय से बाहर गए हैं। उन्होंने जनपद मुख्यालय छोड़ने की कोई पूर्वानुमति जिलाधिकारी से नहीं ली है। सहायक अभियंता को जिला पंचायत को प्रभार दिया गया था, लेकिन वह भी जनपद मुख्यालय से बाहर गए हुए थे। जिस पर जिलाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए कहा कि इससे यह साफ हो रहा है कि आपके एवं आपके अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा शासकीय कार्यों में रुचि नहीं ली जा रही है। जिलाधिकारी ने बिना पूर्वानुमति जनपद मुख्यालय छोड़ने के संबंध में दोनों को तीन दिनों में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। यदि समय पर एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुए तो कार्रवाई के लिए प्रकरण को उच्च्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। उन्होंने अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरण पर भी रोक लगाई है।