सहारनपुर। उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। जिले में होली पर बिजली नहीं कटेगी। शहर से लेकर देहात तक निर्बाध बिजली आपूर्ति होगी। इसको लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। कहा गया कि ब्रेकडाउन होने पर तुरंत निस्तारण कराएं।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक ईशा दुहन ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 26 मार्च सुबह सात बजे तक उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी बिजलीघर पर उपस्थित रहेंगे। ब्रेकडाउन होने पर उसे तत्काल ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कराएंगे। जो शिकायत 1912 या किसी अन्य माध्यम से आती है तो उसे प्राथमिकता से निस्तारण कराना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने उपभोक्ता अपने बिजली बिलों को नियमित रूप से प्रतिमाह जमा कराने की अपील की।
विद्युत निगम के मुख्य अभियंता सुनील कुमार अग्रवाल ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए कि निर्बाध बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं आना चाहिए। जो भी दिक्कत हो तो उसे दूर कराएं। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए।