गंगोह की मासिक पंचायत में मौजूद भाकियू कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। भाकियू की मासिक पंचायत में विद्युत निगम अधिकारियों पर किसानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए रवैये में सुधार की चेतावनी दी। बैठक के बाद खंड विकास अधिकारी को मांगपत्र देकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पर आहूत पंचायत में जिला उपाध्यक्ष चौ. देशपाल सिंह ने कहा कि किसानों की हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है लेकिन सरकार का किसानों की तरफ कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने गांव दर गांव जाकर संगठन के विस्तार करने और प्रत्येक गांव में ग्राम अध्यक्ष बनाने की बात कही। तहसील अध्यक्ष बृजपाल सैनी ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री द्वारा किसानों के नलकूप के कनेक्शन नहीं काटने की घोषणा के बावजूद विद्युत विभाग किसानों का शोषण करने पर तुला है। उन्होंने लखनौती-दौलतपुर-मानपुर पुल तक जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई।
ब्लॉक अध्यक्ष हाजी तहसीन ने गंगोह से मानपुर तक रोडवेज बस सेवा शुरू करने के साथ ही गोकशी और नशे के अवैध कारोबार पर रोक की मांग की। कहा कि पुलिस थाने के सामने से ही डग्गामार वाहन संचालित हो रहे हैं। इन पर रोक लगाई जाए। किसानों ने शामली धरने में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। तहसील उपाध्यक्ष सलीम चौधरी, नगर अध्यक्ष मेहरबान कुरैशी, अरविंद चौधरी, सत्येंद्र पंवार, कयूम, जहांगीर, नितिन शर्मा, अलीशान, मंगता, अंकुर, रणवीर आदि रहे।