अंबेहटा। कस्बे के मोहल्ला गाडान में लकड़ी की बल्ली का ही ऊर्जा निगम ने पोल बना कर उस पर लाइन खींच दी है। जो हादसों को दावत दे रही है। इससे पहले भी ऊर्जा निगम की जुगाड़बाजी में एक किशोर की जान जा चुकी है।
अंबेहटा के मोहल्ला गाडान में विद्युत लाइन खाली प्लाट से होकर गुजर रही है। इसमें विद्युत कर्मचारियों ने पोल लगाने की बजाए एक लकड़ी की बल्ली खड़ी कर दी। लकड़ी की बल्ली वर्षा के मौसम में पूरी तरह से गल चुकी है। इस पर कर्मचारियों ने दूसरी बल्ली से इसे सहारा देकर खड़ी कर रखी है। मोहल्लेवासी अब्दुल कादिर, मोहम्मद भुरू, रिजवान, मेहरबान, रोशन, फुरकान, तालिब, अब्दुर रहमान, उस्मान, तनवीर, मोहम्मद कुर्बान आदि का कहना है कि वे कई बार अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस खाली पड़े प्लाट में अक्सर बच्चे खेलते रहते हैं। हादसों को दावत देता यह लकड़ी का पोल किसी भी समय गिर सकता है। इससे पूर्व भी इस्लामनगर रोड पर ऊर्जा विभाग की जुगाड़बाजी से पेड़ में विद्युत तार लगाए गए थे जिसका एक टहना किशोर के ऊपर गिरने से उसकी मौत हो गई थी। मोहल्ले वासियों ने शीघ्र ही ऊर्जा निगम अधिकारियों से विद्युत पोल लगाने की मांग की है। जेई सूर्यभान प्रजापति का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। शीघ्र ही विभाग की टीम द्वारा सर्वे कर वहां पर पोल लगाया जाएगा।