डेडीकेटेड फ्रेट काॅरिडोर का ट्रायल 29 जून को अधिकारियों की मौजूदगी में होगा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
सहारनपुर/सरसावा। रेलवे के विशेष मालवाहक गलियारे (डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर) के एक महत्वपूर्ण चरण का बृहस्पतिवार को ट्रायल होने जा रहा है। इसके लिए नए बिछाए गए मालवाहक रेलवे ट्रैक पर इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव पिलखनी स्टेशन से कलानौर तक दौड़ेगा।
रेलवे अधिकारी उधम सिंह सोलंकी ने बताया कि विशेष मालवाहक गलियारे का विभिन्न चरणों में निर्माण हो रहा है। जिस पर जल्दी ही मालवाहक रेलगाड़ी माल ढुलाई के लिए सरपट दौड़ लगाएगी। इस चरण में सरसावा क्षेत्र में न्यू पिलखनी स्टेशन से लेकर यमुनानगर के कलानौर स्टेशन तक 18 किलोमीटर का इलेक्ट्रिक रेलवे ट्रैक बिछाया गया है। इस महत्वपूर्ण रेलवे ट्रैक के बीच में यमुना नदी के ऊपर विशाल ब्रिज का निर्माण भी किया गया है। जिसका बृहस्पतिवार 29 जून को ट्रायल होने जा रहा है। ट्रायल के दौरान इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव को पिलखनी से कलानौर तथा कलानौर से पिलखनी चलाया जाएगा। ट्रायल सफल होने के उपरांत मालगाड़ियां रेलवे ट्रैक पर दौड़ सकेगी।
रेलवे अधिकारी उधम सिंह सोलंकी ने बताया कि ट्रायल के दौरान मुख्य परियोजना प्रबंधक पंकज कुमार गुप्ता तथा परियोजना प्रबंधक अभियंत्रण सुरेंद्र कुमार भी मौजूद रहेंगे। हालांकि ट्रैक बिल्कुल दुरुस्त है, लेकिन ट्रायल के दौरान यदि किसी तरह की कोई समस्या महसूस होती है तो उसके तत्काल निवारण के लिए संबंधित तकनीकी टीमें भी तैयार रखी गई है।
इस 18 किलोमीटर के चरण का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यमुना नदी के ऊपर बनाया गया रेलवे ब्रिज है जो रिकॉर्ड समय में बनाकर रेलवे ट्रैक बिछाकर तैयार किया गया है। 18 जून को होने वाले ट्रैक के ट्रायल में रेलवे ब्रिज पर विशेष निगाह रखी जाएगी।