हिण्डन नदी के जल को प्रदूषत करती इकाई को सील करते अधिकारी
- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा की गई कार्रवाई
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। हिन्डन नदी को प्रदूषित कर रही आठ टेक्सटाइल डाइंग इकाइयों को सील किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने यह कार्रवाई की है। तीन महीने पहले भी शहर में ऐसी इकाइयों को सील किया गया था।
क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि जनता रोड के गांव तिपरपुर स्थित सुपर टेक्सटाइल और गणपति टेक्सटाइल, गांव ढमोला स्थित कमल इंटरप्राइजेज, बेहट रोड स्थित अतुल टेक्सटाइल्स, दिल्ली रोड स्थित स्टेंडर्ड इंजीनियरिंग , जनता रोड स्थित जनरल टेक्सटाइल्स, कामधेनु कॉम्पलेक्स स्थित दुर्गा टेक्सटाइल्स और गर्ग डाइंग प्लांट द्वारा कपड़ों को डाइंग कर कैमिकलयुक्त पानी नालियों में बहाया जा रहा था। जो ढमोला आदि नदियों में गिरकर ढमोला के जरिए हिन्डन को प्रदूषित कर रहा था। निरीक्षण में मानकों का उलंघन पाए जाने पर बोर्ड द्वारा बंदी के आदेश निर्गत किए गए थे। जिलाधिकारी द्वारा उप जिलाधिकारी सदर और क्षेत्राधिकारी पुलिस व क्षेत्राधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम गठित की गई थी। टीम ने उक्त सभी आठ इकाइयों के ब्वायलर और प्लांट मशीनरी को सील किया है। यदि सील के साथ छेड़छाड़ की जाती है तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।