सहारनपुर। बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य मानकों पर खरा उतरने पर जिले के आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को कायाकल्प अवार्ड मिला है। इन आठों चिकित्सा इकाइयों को एक-एक लाख रुपये पुरस्कार के रूप में मिलेंगे। अवार्ड की धनराशि से स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ेंगी।
अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाओं के आधार पर राज्य और केंद्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें नंबर के आधार पर अवार्ड मिलता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत जिले के सरसावा, गंगोह, रामपुर मनिहारान, हरौड़ा, फतेहपुर, पुवांरका, बेहट और सुनहेटी खरखड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन किया गया था। इन सभी केंद्रों ने मूल्यांकन में 70 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। ये सभी स्वास्थ्य इकाइयां बधाई के पात्र हैं और वे आगे और अच्छी रैंक पाने के लिए प्रयासरत रहें।
उन्होंने बताया कि मिशन निदेशक ने पत्र भेजकर पुरस्कार की सूचना दी है। पुरस्कार राशि का 75 फीसदी हिस्सा चिकित्सा और स्वच्छता व्यवस्था आदि पर खर्च किया जाना है, जबकि 25 फीसदी हिस्सा संबंधित इकाई के अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्साह वर्धन के लिए खर्च किया जाना है।
किस सीएचसी को कितने मिले नंबर
गंगोह 74.14
पुवांरका 73.43
रामपुर मनिहारान 73.43
सरसावा 73.14
फतेहपुर 71.29
बेहट 70.71
सुनहेटी खरखड़ी 70.43
हरौड़ा 75.57