फोटो फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद/तलहेड़ी बुजुर्ग। नगर एवं देहात क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ईदगाह समेत प्रमुख मस्जिदों में ईद की नमाज अदा कर लोगों ने मुल्क में अमनो अमान के लिए दुआएं मांगी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
शनिवार को ईदगाह में सुबह आठ बजे प्रसिद्ध आलिम मौलाना मुफ्ती अफ्फान मंसूरपुरी ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज से पूर्व खिताब करते हुए उन्होंने कहा कि ईद खुशी और इनाम का दिन है। ईद इंसानों के लिए मोहब्बत का पैगाम लेकर आती है। मरकजी जामा मस्जिद में कारी वासिफ उस्मानी ने ईद की नमाज अदा कराई।
दारुल उलूम की रशीदिया मस्जिद, दारुल उलूम वक्फ की अतियाबुल मस्जिद, मस्जिद रहीम बीबी, पुरानी जामा मस्जिद, मस्जिद किला, छप्पर वाली मस्जिद के अलावा तलहेड़ी बुजुर्ग क्षेत्र की ईदगाह, कालीपार के थीतकी, राज्जुपुर, गोपाली समेत प्रमुख मस्जिदों में ईद-उल-फितर की नमाज अदा कराई गई। ईदगाह में बड़ों और बच्चों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी सतर्क रहा। एसपी देहात सागर जैन, एसडीएम संजीव कुमार, सीओ रामकरण फोर्स के साथ ईदगाह के पास मौजूद रहे।
कैंप लगाकर दी मुबारकबाद
देवबंद। ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए आने वाले अकीदतमंदों का पूर्व विधायक माविया अली, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी के पुत्र जमाल अंसारी, सपा नेता हैदर अली समेत विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों व चेयरमैन पद के प्रत्याशियों ने कैंप लगाकर स्वागत किया।
चांद रात पर बिजली गुल, नमाज अदा कर रोष जताया
देवबंद। ईदगाह में नमाज अदा कर लोगों ने विद्युतकर्मियों के सामने भारी रोष जताया। आरोप लगाया कि निगम अधिकारियों ने जान बूझकर पहले अलविदा जुमा और अब ईद के त्योहार पर बिजली गुल रखी। ताकि लोगों को परेशान किया जा सके। बता दें कि शुक्रवार की रात करीब 2 बजे बिजली गुल हो गई थी। जिसे रातभर दुरुस्त नहीं किया गया। जबकि ईद की नमाज अदा होने के कुछ घंटे बाद आपूर्ति चालू की गई। निगम के एसएसओ मो. जीशान ने बताया कि बिजलीघर में फाल्ट होने के चलते बिजली बंद रही।