- प्रवर्तन निदेशालय के आदेश पर डीएम ने समिति गठित की
- जिलाधिकारी ने छह माह तक क्रय-विक्रय पर भी रोक लगाई
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यहां दिल्ली रोड स्थित मेसर्स कॉसमॉस इंफ्रा इंजीनियरिंग (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की कॉसमॉस काॅलोनी को अटैच कर लिया है। ईडी ने इसके संबंध में जिलाधिकारी को आदेश दिए। डीएम ने भूमि को अटैच करने की कार्रवाई के लिए चार अधिकारियों की समिति गठित की हैँ। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र को इसका नोडल अधिकारी बनाया है।
विगत दिनों प्रवर्तन निदेशालय मुंबई ने मेसर्स कॉसमॉस इंफ्रा इंजीनियरिंग (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की भूमियों को अटैच करने के आदेश जारी किए थे। महानगर में भी यह कंपनी दिल्ली रोड पर कॉसमॉस कॉलाेनी बना रही है। इस मामले में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र को भी ईडी का आदेश मिला। जिसमें काॅसमाॅस काॅलोनी को अटैच करने का आदेश दिया गया। इसके लिए जिलाधिकारी ने एडीएम वित्त रजनीश कुमार मिश्र के निर्देशन में चार सदस्यीय टीम का गठन कर इसके क्रय, विक्रय और लेनदेन आदि पर रोक लगा दी है। भूमि अटैच करने वाली चार सदस्यीय समिति में एसडीएम सदर, सीओ नकुड़, तहसीलदार सदर और उप निबंधक द्वितीय को शामिल किया गया है। एडीएम वित्त को प्रवर्तन निदेशालय के आदेश का अक्षरश: अनुपालन करने का आदेश दिया है। उल्लेखनीय है कि ले आउट की शर्तों का पालन न होने के कारण सहारनपुर विकास प्राधिकरण ने इस काॅलोनी का लेआउट भी विगत दिनों निरस्त कर दिया था।