सहारनपुर। महानगर में टूटी सड़कों की वजह से उड़ता धूल का गुबार और जाम लोगों के लिए मुसीबत बना है। बुधवार को कई इलाकों में करीब दो घंटे जाम लगा रहा, जिसकी वजह से नागरिकों और स्कूली बच्चों को परेशानी उठानी पड़ी।
दरअसल, स्मार्ट सिटी के तहत कोर्ट रोड पुल, जीपीओ रोड, देहरादून रोड पर ढमोला नदी पुल के पास सड़क पर कार्य चल रहा है। यहां सड़क की खोदाई की गई है, जिसकी वजह से धूल का गुबार भी उड़ रहा है। ढमोला नदी के छोटे पुल का रास्ता बंद होने की वजह से बुधवार को बड़े पुल पर भी जाम लग गया, जिसकी वजह से राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। पुल और देहरादून रोड पर करीब दो घंटे जाम लगा रहा। पुल से लेकर घंटाघर तक वाहनों की कतार लगी रही।
इसी तरह कोर्ट रोड पुल पर भी दो घंटे जाग लगा रहा। क्योंकि, पुल के दोनों तरफ टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा है। इसके पास में ही स्थित जीपीओ रोड पर कार्य की वजह से एक तरफ की सड़क को बंद किया गया है, जिसकी वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। नागरिकों और स्कूली बच्चों को जाम में फंसकर मुसीबत झेलनी पड़ी। यातायात के साथ ही थाना पुलिस ने सड़क पर उतरकर जाम खुलवाया। तब, जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
दोबारा खोदी गई है सड़क
देहरादून ढमोला नदी पुल के पास सड़क को दोबारा खोदा गया है। दो माह पूर्व सड़क को सीवर लाइन डालने के लिए खोदा गया था। इसके बाद सड़क को बना दिया गया था, लेकिन कुछ खामी रहने की वजह से अब ढमोला नदी पुल के पास सड़क को खोदा गया है।
किशनपुरा निवासी राजा सिंह और गोविंनगर निवासी राजीव कुमार का कहना है कि अव्यवस्थित रूप से हो रहे विकास कार्य की वजह से लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
पानी का छिड़काव नहीं, उड़ रहा धूल का गुब्बार
जिन जगहों पर सड़कों को खोदा गया है, वहां पर मिट्टी फैली है। तापमान गर्म होने के साथ हवा चलने पर धूल का गुबार उड़ रहा है, जिसकी वजह से आसपास के दुकानदारों और यहां से गुजरने वाले लोग परेशान है। नगर निगम की ओर से यहां पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है। इसकी वजह से धूल उड़ रही है।
स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्यों के चलते जाम की स्थिति बन रही है। यातायात पुलिस मौके पर तैनात है। ताकि जाम न लगने दिया जाए और लोगों को परेशानी न हो। सुधीर कुमार, यातायात प्रभारी