मानकमऊ बस स्टैंड के बाहर डग्गामार वाहनों की चेकिंग करते परिवहन अधिकारी।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। रोडवेज के राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। शुक्रवार को परिवहन निगम और परिवहन विभाग ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर मानकमऊ बस स्टैंड के बाहर खड़े आठ डग्गामार वाहनों के चालान कर जुर्माना वसूला।
मानकमऊ बस स्टैंड से परिवहन निगम की बसें संचालित होती हैं। यहां से नकुड़, गंगोह और हरियाणा जाने वाली बसें चलती हैं, लेकिन, यहां गंगोह और नकुड़ की सवारी ले जाने के लिए टेंपो, टाटा मैजिक खड़े रहते हैं। इसके साथ ही ई-रिक्शा भी सवारियों को ले जा रहीं हैं। जिससे परिवहन निगम के राजस्व को नुकसान हो रहा है। शुक्रवार को परिवहन निगम से सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एलके त्रिवेदी और परिवहन विभाग से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन महेंद्र बाबू गुप्ता मानकमऊ बस स्टैंड पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मिलकर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान बस स्टैंड बाहर खड़े डग्गामार वाहन टेंपो, ई-रिक्शा और टाटा मैजिक पकड़े गए। चेकिंग में आठ डग्गामार वाहनों का चालान किया गया। चालान की कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। विभाग की कार्रवाई से डग्गामार वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।