रामपुर मनिहारान। सुबह से हो रही तेज बारिश के चलते मौसम का मिजाज बदलता दिखाई दिया। इससे लोगों को कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं कस्बे के मुख्य मार्गों पर जलभराव होने के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। बुधवार की सुबह मौसम का मिजाज बदला व आकाश में काली घटा छा गई। तेज बारिश से कस्बे के मोहल्ला कायस्तान, इकराम, कॉलोनी शिवपुरी, पीठ बाजार, रेलवे स्टेशन, तहसील परिसर में जलभराव होने से लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से हो रही तेज बारिश के चलते लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर रहे और बारिश के चलते बाजार सूने पड़े रहे। पीठ बाजार के व्यापारियों की दुकानों में जलभराव से पानी भर गया। इससे व्यापारियों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।