छुटमलपुर के पंचायत भवन पर जानकारी देते डूडा के अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर(सहारनपुर)। नगर पंचायत बनाने का शासनादेश जारी होने के बाद यहां नगरीय सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों ने कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को डूडा के अधिकारियों ने यहां के पंचायत भवन पर पहुंच नगरवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी। सहारनपुर रोड स्थित पंचायत भवन सभागार में ग्रामीणों से बात करते हुए जिला समन्वयक ब्रजभूषण सिंह ने बताया कि उनकी टीम रविवार को फिर से कस्बे में पहुंच कर पात्र लोगों के फार्म भरेगी। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थी को ढाई से तीन लाख रुपये देने का प्रावधान है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए व्यक्ति के पास अपना मकान नहीं होना चाहिए, साथ ही उसके पास कम से कम बीस गज जमीन होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उनकी टीम डोर टू डोर सर्वे कर पात्रों को योजना का लाभ पहुंचाने का काम करेगी। यहां यह उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत छुटमलपुर और फतेहपुर ग्राम पंचायत को मिला कर बनाई गई है। ऐसे में इन योजनाओं का लाभ दोनो ग्राम पंचायतों के पात्र लोगों को मिलेगा। इस दौरान उनके साथ आए सीएलटीसी इंजीनियर सुनील यादव, जेई शादाब व शुभम गुप्ता ने कस्बे की महाराणा प्रताप और पंजाबी कालोनी में भ्रमण कर भौगोलिक स्थिति की जानकारी भी ली। बैठक में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, विकास गुप्ता, सोनू कश्यप, कंवरपाल राठी, रामकुमार कश्यप, सतीश कुमार, राहुल सैनी व अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।