गागलहेड़ी। शुक्रवार की दुपहर बिना नंबर प्लेट के खनन से भरे ट्रकों के चालक टोल प्लाजा के बैरियर तोड़ते हुए अपने वाहनों को दौड़ा ले गए। टोल कर्मियों ने ट्रकों का पीछा भी किया लेकिन वे पकड़े नहीं जा सके। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। टोल प्लाजा के प्रबंधक का कहना है कि ये ट्रक एक सप्ताह से इसी तरह जबरन टोल से गुजर रहे हैं।
मुजफ्फरनगर नगर रोड पर कोलकी कला गांव के पास स्थित टोल प्लाजा के प्रबंधक रविंद्रपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर दो बजे रेत बजरी से भरे बिना नंबर प्लेट वाले कुछ ट्रक गागलहेड़ी की ओर से तेजी के साथ टोल पर पहुंचे। इनके चालक बिना टोल दिए बैरियर को तोड़ते हुए फरार हो गए। वहां मौजूद टोल कर्मियों ने उनका पीछा किया तो वे ट्रकों के चालकों ने टोल कर्मियों भी टक्कर मारने का प्रयास किया जिसमें टोल कर्मी बाल बाल बचे।
प्रबंधक रविंद्रपाल सिंह ने बताया कि इस तरह बिना नंबरों के खनन से भरे ट्रक एक सप्ताह से ऐसे ही टोल से गुजर रहे है। ये टोल से बहुत तेजी के साथ गुजरते हैं। भीड़ होने पर ही ये टोल देते हैं वरना ये ऐसे ही गुजर जाते हैं। पहचान छिपाने की वजह से ये ट्रक पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगाते है। पुरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। उन्होंने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामला जानकारी में नहीं है। वे थाने से पता करके जांच कराएंगे। यदि ऐसा है तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।