चिलकाना (सहारनपुर)। सीएचसी चिलकाना और सरसावा के प्रभारी डॉ. राजेश कुमार शर्मा ब्लॉक सरसावा में कोरोना की जंग में संकट के सिपाही बनकर काम कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण के पहले दौर में पत्नी सहित संक्रमित होने के बावजूद इस बार भी वे अपनी ड्यूटी को फर्ज समझ कर डटे हुए हैं। डॉ. राजेश वर्तमान में 18 घंटे तक प्रतिदिन काम में जुटे हैं। इसके चलते वे अपने परिवार के लिए भी समय नहीं निकाल पाते। डॉ. राजेश ने बताया कि उन्होंने पिछले 13 माह में एक भी अवकाश नहीं लिया है। लगातार ड्यूटी कर रहे हैं। कई बार तो कुर्सी पर बैठे बैठे ही नींद पूरी कर लेते हैं। बताया कि सरसावा ब्लाक में 285 लोग कोरोना से पीड़ित हैं, जिनमें 251 को होम आइसोलेट किया गया है। सभी को घरों में दवा भेजी जा रही है। इसके अलावा प्रतिदिन होने वाले वैक्सीनेशन की मानिटरिंग भी वे करते हैं। कोरोना जांच के लिए टीम गठित करने से लेकर उनकी रिपोर्ट देख कर पीड़ितों के उपचार की व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे सीएचसी कैंपस में अपनी पत्नी संग रहते हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण काल में वे अपने क्वार्टर के केवल एक कमरे तक ही सीमित हैं।