सहारनपुर/बेहट। गांव असलपुर बरथा और कोरसी में अवैध खनन के मामले में ईडी ने छापा मारने के पश्चात कई कारोबारियों से आठ घंटे पूछताछ की। एक स्टोन क्रशर स्वामी के दस्तावेज चेक किए तो पता चला कि प्रपत्र हिमाचल के हैं और खनन यहां किया जा रहा है। ईडी ने कई कारोबारियों और उनके कर्मचारियों को भी हिरासत में भी लिया था, जिनसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
बता दें, कि बृहस्पतिवार शाम ईडी की टीम ने असलपुर बरथा में एक स्टोन क्रशर पर छापा मारा। ईडी ने अवैध खनन के मामले में हिमाचल प्रदेश के एक खनन कारोबारी के स्टोन क्रशर पर कार्रवाई की। इससे खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। ईडी ने क्रशर पर लगे उपखनिज के स्टॉक के प्रपत्रों की जांच की। बताया जाता है कि जांच में प्रपत्र हिमाचल प्रदेश के निकले। इस पर ईडी ने कारोबारी और क्रशर मालिक से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि यह कच्चा माल हिमाचल से लाया गया है। सूत्रों की माने तो इस पर ईडी ने ट्रांसपोर्ट बिल और ट्रांजिट फीस की रसीद बारे में पूछा। इस पर क्रशर मालिक और कर्मचारी चुप हो गए। लगातार पूछताछ के बाद कारोबारी ने बताया कि उनके पास रवन्ने हिमाचल प्रदेश के हैं, जबकि माल उन्होंने यहीं से एक खनन कारोबारी के पट्टे से खरीदा है।
इस पर ईडी दूसरे खनन कारोबारी के क्रशर पर पहुंची और पूछताछ की। बताया जाता है कि टीम ने करीब आठ घंटे तक खनन कारोबारियों से पूछताछ की गई। रात भर चली कार्रवाई की स्थानीय पुलिस प्रशासन को कोई जानकारी नहीं है।
कई पर हो सकता है केस दर्ज
ईडी की टीम ने रातभर खनन कारोबारियों के दस्तावेज भी खंगाले हैं। सूत्र बताते हैं कि ईडी ने प्रपत्र कब्जे में भी लिए हैं, जिनकी भी जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में कई खनन कारोबारियों के खिलाफ केस दर्ज हो सकता है।