सहारनपुर। होली पर एसबीडी जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहेंगी। त्वचा रोग विशेषज्ञ सहित 14 चिकित्सकों की रैपिड एक्शन टीम गठित कर गई है। टीम में शामिल चिकित्सकों को तीन दिन तक 24 घंटे ऑनकाल पर रखा जाएगा। इसके साथ ही अन्य चिकित्सक भी ऑनकाल पर रहेंगे। उन्हें भी इमरजेंसी में बुलाया जा सकता है।
होली पर दुर्घटनाओं के चलते मरीजों की संख्या में इजाफा होता है। ऐसे में सभी को समय पर इलाज उपलब्ध हो सके, इसके लिए एसबीडी जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं कर ली गई है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहेगा, साथ ही 14 चिकित्सकों की रैपिड एक्शन टीम बनाई गई। इसमें दो हड्डी रोग विशेषज्ञ, दो सर्जन, दो फिजीशियन, दो नेत्र रोग विशेषज्ञ, दो ईएनटी, एक-एक त्वचा रोग विशेषज्ञ, पैथोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट, चेस्ट फिजीशियन शामिल है। इन सभी चिकित्सकों को 24, 25 और 26 मार्च को ऑनकाल उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति में आने वाले मरीजों के बेड भी रिजर्व रहेंगे।
स्वास्थ्य केंद्रों पर अलर्ट रहेंगे चिकित्सक
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि होली पर स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा दुर्घटना क्षेत्र में 108 एंबुलेंस रहेंगी, ताकि हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सके।
-
होली पर तीन दिन के लिए जिला अस्पताल के 14 चिकित्सकों की रैपिड एक्शन टीम बना दी है। यह सभी चिकित्सक ऑनकाल रहेंगे। मोबाइल बंद नहीं रहेगा, साथ ही नर्सिंग स्टाफ को भी निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. रामानंद, कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल