-जिला अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचे 300 मरीज
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। तेज धूप लोगों की त्वचा को नुकसान पहुंचा रही है। तेज धूप से ऊपरी परत जल रही है, जिससे जलन, खुजली से बुरा हाल है। सफेद, लाल चकत्ते के साथ लोगों को सोरायसिस की भी परेशानी है।
एसबीडी जिला अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. केवी सिंह ने बताया कि सोमवार को ओपीडी में 300 मरीज आए, इसमें सबसे ज्यादा सन बर्न के रहे। शरीर का खुले हुए हिस्से जैसे हाथ, गर्दन, चेहरे पर सबसे ज्यादा परेशानी मिली। ऐसे 140 से 150 मरीज रहे। इनमें धूप में कार्य करने वालों और बच्चों की संख्या अधिक है। 20 से 25 मरीजों के शरीर पर लाल-सफेद चकत्ते भी पाए गए हैं, पानी की कमी के कारण त्वचा शुष्क भी मिली। 10 से 15 मरीजों के बगल और जांघ के आसपास फंगल इंफेक्शन भी मिला। सोरायसिस की परेशानी भी हो रही है।
त्वचा के अलावा ये भी हो रही बीमारियां
-इंफेक्शन से पेट संबंधी रोग
-बैक्टीरिया से बुखार
-गर्मी में बेचैनी होने से हृदय रोग
ये बरतें सावधानियां
-पानी की कमी न होने दें, पांच से आठ लीटर पानी पीएं।
-बाहर जाते वक्त चेहरा ढककर रखें, आंखों पर चश्मा लगाएं।
-संतरा, तरबूज, खरबूज, ककड़ी, खीरा खूब खाएं।
-ग्लूकोज डालकर पानी पीएं, या फिर नमक-चीनी डाल सकते हैं।
-सूती कपड़े और ढीले कपड़े पहनें
-फील्ड वर्क करने वाले सुबह-शाम अच्छी तरह से नहाएं।
-धूप में खाली पेट बाहर न जाएं।
-हल्का भोजन करें। भोजन में दही को शामिल करना चाहिए।
धूप से करें बचाव
-धूप तेज होने से त्वचा झुलस रही है। सन बर्न के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। गर्मी में बैक्टीरिया संवेदनशील त्वचा को अपना शिकार बना लेते हैं। गंदगी से त्वचा में फंगल इंफेक्शन हो रहा है। धूप से बचाव करें। ओपीडी 300 तक पहुंच गई है।
- डॉ. केवी सिंह, वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल