कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव को लेकर बैठक लेते डीएम एसएसपी
सहारनपुर। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में प्रभारी, सह प्रभारी एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि वोटर हेल्पलाइन एप से वोटर बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सी-विजिल एप के माध्यम से आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत की जा सकती है। इसमें दर्ज शिकायतों का 100 मिनट में निस्तारण कराया जाएगा। चुनाव की अधिसूचना के लिए 20 मार्च, नाम निर्देशन 27 मार्च, नाम निर्देशनों की जांच 28 मार्च, नाम वापसी 30 मार्च, मतदान 19 अप्रैल और मतगणना चार जून को होगी। उन्होंने बताया कि मस्जिदों, चर्चों, मंदिरों और पूजा के अन्य स्थलों को निर्वाचन प्रचार के मंच के रूप में प्रयुक्त नहीं किया जाएगा।
किसी दल द्वारा उन स्थानों के आसपास जुलूस न निकाला जाए, जहां अन्य दल की सभाएं आयोजित हो रही हैं। किसी दल के कार्यकर्ता अन्य दल के कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पोस्टर नहीं हटाएंगे। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। इस मौके पर एडीएम प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, एडीएम वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्सव आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, एसपी देहात सागर जैन आदि मौजूद रहे।