ग्लोकल यूनिवर्सिटी में जांच करने पहुंचे डीएम एसएसपी श्रोत सूचना विभाग
सहारनपुर। ग्लोकल विश्वविद्यालय के खिलाफ आ रही अनियमितताओं की शिकायतों पर मंगलवार को डीएम डॉ. दिनेश चंद्र और एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने पहुंचकर जांच की। शिकायतों की जांच के लिए एडीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्य कमेटी का गठन कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के दाखिला करने के बाद नियमित तौर पर कक्षाएं नहीं चलने, परीक्षा के समय पर ही विद्यार्थियों को बुलाकर परीक्षा दिलाने और वित्तीय अभिलेखों में गड़बड़ी की शिकायतें मिलने पर डीएम और एसएसपी जांच के लिए ग्लोकल विश्वविद्यालय में खुद पहुंच गए। जांच के लिए एडीएम की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी में एसपी देहात, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य कोषाधिकारी, मां शाकंभरी देवी विवि के कुलपति द्वारा नामित वित्त नियंत्रक या कोई अन्य अधिकारी, एसएसपी द्वारा साइबर सेल के नामित तकनीकी अधिकारी शामिल होंगे।
डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुछ दस्तावेज लिए गए हैं, जिनकी जांच की जाएगी। गठित की गई जांच कमेटी जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट देगी।