सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि जिला विज्ञान क्लब द्वारा असंगठित क्षेत्र के नवप्रवर्तकों के लिए जिला स्तरीय नवप्रवर्तन प्रदर्शनी का आयोजन 11 नवंबर को मुन्नालाल एंड जयनारायण खेमका गर्ल्स कॉलेज में किया जाएगा। लक्षित नवप्रवर्तकों में किसान, मैकेनिक, मजदूर, शिल्पकार आदि शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि तृणमूल स्तर के नवप्रवर्तकों के चिह्नांकन एवं सहयोग के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश को चिह्नित किया गया है। अक्सर नवप्रवर्तक ऐसे वर्ग से आते हैं, जिनका शैक्षिक स्तर बहुत अच्छा नहीं होता। ज्यादातर नवप्रवर्तन अभाव और विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए अथवा अपने काम को किसी सरल तरीके से करने के लिए कोई नवीनतम आविष्कार को जन्म देते हैं। यही नवप्रवर्तन कहलाते हैं।
अधिकतर नवप्रवर्तक किसान, मैकेनिक, मजदूर या शिल्पकार आदि होते हैं। इस प्रकार के नवप्रवर्तकों को मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता परिषद द्वारा उपलब्ध कराई जाती है। यह भी प्रयास किया जाता है कि नवप्रवर्तकों के मॉडल व प्रोटोटाइप व्यावसायिक दृष्टिकोण से विकसित हो सकें। नवप्रवर्तकों के चिह्नीकरण, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए जिला विज्ञान क्लब सहारनपुर द्वारा जिला स्तरीय नवप्रवर्तन प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में 200 से 300 प्रतिभागियों एवं लाभार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया जाना अपेक्षित है। उत्कृष्ट नवप्रवर्तकों में पहला पुरस्कार 8,000, दूसरा पुरस्कार 5,000, तीसरा पुरस्कार 3,000 रुपये रहेगा। दो-दो हजार रुपये के पांच सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रदर्शनी की अधिक जानकारी के लिए जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक अम्ब्रीष कुमार के मोबाइल नंबर 9412116024 पर संपर्क कर सकते हैं।