कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह
सहारनपुर। निवेश को आधिकारिक करने एवं निवेशकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के मद्देनजर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसमें अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संबंधित निवेशकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में निवेशक सम्मेलन को लेकर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने उपायुक्त उद्योग से कहा कि निवेशकों के लिए एक समिति तथा व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। जिसके माध्यम से निरंतर समस्याओं तथा निवेश में रूचि रखने वालों को प्रोत्साहित करें, साथ ही विभागों के शासनादेशों की जानकारी रखने वाले अधिकारियों का सेल बनाने के साथ ही इनका व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाएं, जिससे जनपद में निवेश के लिए निर्धारित लक्ष्य से दोगुना लक्ष्य प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो। इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि निवेशकों द्वारा किए गए एमओयू में नियमों की स्पष्ट रूप से जानकारी निवेशक को रहे। किसी भी निवेशक को किसी भी विभाग से एनओसी लेने में अनावश्यक रूप से देरी न हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव आदि मौजूद रहे।
तीन-चार फरवरी को लगेगी प्रदर्शनी
सहारनपुर। भारतीय उद्यम विकास सेवा के उप निदेशक बृजेश यादव ने बताया कि प्रदेश के सभी औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों के लिए तीन और चार फरवरी को आगरा में वेंडर विकास कार्यक्रम एवं उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी। इसमें लगाए जाने वाले स्टॉल सीमित होने के कारण पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर निशुल्क आवंटित किए जाएंगे। सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों के औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों से भाग लेने की अपील की है।