फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टूटी सड़कों की सुध नहीं ली, बनी सड़क दोबारा बनाने लगे

विज्ञापन
टूटी पड़ी हलवाई हटटा की सड़क - फोटो : SAHARANPUR
विज्ञापन
सहारनपुर। नगर निगम के निर्माण विभाग के कार्य अक्सर सवालों के घेरे में रहे हैं, लेकिन इस बार हद ही हो गई। शहर में कई सड़कें ऐसी हैं जो काफी बदतर हालत में हैं, लेकिन उनकी कोई सुध नहीं ले रहा है। वहीं वार्ड 23 और वार्ड 58 में इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनी सड़कों को उखाड़कर बिना जरूरत के आरसीसी की सड़कें बनाई जा रही हैं। पार्षद की शिकायत पर महापौर संजीव वालिया ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अवर अभियंता से जानकारी ली। इस तरह के कार्यों को जनता के पैसे की बर्बादी बताया। अपर नगर आयुक्त को सहायक अभियंता, अवर अभियंता और ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

वार्ड 23 के अंसारियान चौक और वार्ड 58 के मोहल्ला संगियान जैन फाटक पर आरसीसी की सड़कें बनाई जा रही हैं। पार्षद आशुतोष सहगल ने महापौर से शिकायत कर बताया कि ठीक इंटरलॉकिंग टाइल्स की सड़कों को उखाड़कर आरसीसी की सड़क बनवाई जा रही है, जबकि आरसीसी की सड़कें बनाने की कोई जरूरत नहीं थी। शिकायत पर मौके पर पहुंचे महापौर यह देखकर हैरान रह गए कि पैच वर्क के नाम पर वार्ड 23 के संगियान जैन फाटक के सामने से जा रही इंटर लॉकिंग से बनी सड़क पर दोबारा सीसी सड़क बनाने की तैयारी की जा रही है। मौके पर भारी मात्रा में निर्माण सामग्री भी मिली। महापौर ने निर्माण विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार से ठीक और अच्छी स्थिति की सड़क पर दोबारा सीसी डालने का कारण पूछा, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने केवल यह बताया कि उच्चाधिकारियों ने जो कहा है वह वही कर रहे हैं।
महापौर ने अंसारियान चौक से इमामबाडे़ तक की सड़क का भी निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इमामबाड़ा प्रबंधन द्वारा सड़क बनाई गई थी, लेकिन उसके ऊपर ही नई सीसी सड़क बना दी गई है, जबकि सीसी सड़क की कोई जरूरत नहीं थी। इसी तरह अंसारियान चौक पर भी नई इंटरलॉकिंग टाइल्स की सड़क उखाड़कर वहां भी सीसी रोड बना दी गई। पार्षद आशुतोष ने कहा कि मोहर्रम की तैयारियों के नाम पर निर्माण विभाग ने यह खेल किया है। पैच वर्क के नाम पर अच्छी सड़कों पर सीसी डाली जा रही है, जबकि मोहर्रम के मार्ग गौरीशंकर बाजार, नखासा बाजार, हलवाई हट्टा और दीनानाथ बाजार की टूटी सड़कों को बनाए जाने की जरूरत थी, लेकिन उन्हें नहीं बनाया गया। महापौर संजीव वालिया ने दोनों वार्डों के उक्त क्षेत्रों का पैदल भ्रमण करते हुए हालात का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण विभाग की इस मनमानी और धांधली पर आक्रोश व्यक्त करते हुए अपर नगरायुक्त राजेश यादव को निर्देश दिए कि निर्माण विभाग की इस धांधली पर रिपोर्ट तैयार कर नगरायुक्त से ठेकेदार, सहायक अभियंता और अवर अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई कराएं। इस दौरान अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव व सहायक अभियंता दानिश नकवी भी मौजूद रहे।

अंसारियान चौक पर मेयर संजीव वालिया को सीसी सड़क बनाने के लिए उखाड़ी गयी टाइल दिखाते पार्षद आशुतो?- फोटो : SAHARANPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें