रामपुर मनिहारान। दिल्ली हाईवे पर गांव नंदपुर के पास तेज गति से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ढाबा संचालक को रौंदती हुई पेड़ से टकरा कर पलट गई। ढाबा संचालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार चालक युवक और तीन महिलाएं घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची ने घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
दिल्ली हाईवे पर स्थित गांव नंदपुर के पास सोमवार की शाम रामपुर मनिहारान की ओर से तेज गति से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित शाकंभरी ढाबे में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार ढाबा मालिक को रौंदती हुई पेड़ से टकरा कर पलट गई। दुर्घटना में ढाबा मालिक मोहल्ला कायस्थान निवासी राजेश उर्फ पप्पू (55) पुत्र जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई। आस पास मौजूद राहगीरों ने कार में सवार युवक और तीन महिलाओं को घायल अवस्था में बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को चिकित्सालय भिजवाया, जबकि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि एक अनियंत्रित कार ढाबे में घुस गई। इससे ढाबा चालक की मौके पर मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है। कार सवार घायलों के नाम पते के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।