- जयकारों से भक्तिमय में हुआ वातावरण
- आज सुबह नौ बजे माता को चढ़ेगी चुनरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु 900 फिट लंबी चुनरी लेकर मां शाकंभरी देवी मंदिर पहुंच गए। बैंडबाजों पर बज रही धार्मिक धुनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। मंगलवार की सुबह नौ बजे मां शाकंभरी देवी को चुनरी चढ़ेगी।
श्री राम कृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वाधान श्रद्धालुओं ने गुजरात के सूरत से 900 फिट लंबी चुनरी तैयार कराई। मंदिर अधिष्ठाता स्वामी कालेंद्रानंद महाराज के साथ श्रद्धालु चुनरी को लेकर सुबह मां शाकम्भरी देवी मंदिर के लिए रवाना हुए। मंदिर से भारत माता चौक तक चुनरी को खोलकर ले जाया गया। इसके बाद वाहनों के जरिए श्रद्धालु बेहट पहुंचे और फिर यहां से पैदल ही चुनरी को खोलकर मां शाकंभरी देवी मंदिर के लिए रवाना हो गए। दोपहर बाद श्रद्धालु शाकंभरी देवी मंदिर पहुंच गए। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने बताया कि मंगलवार की सुबह नौ बजे माता को चुनरी चढ़ाई जाएगी। इसके साथ दस दिवसीय देवी भागवत पुराण कथा का शुभारंभ होगा और रोजाना अखंड भंडारा चलेगा। इसके साथ ही मंगल कलश यात्रा बैंडबाजों संग निकाली जाएगी।
इस मौके पर स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि चुनरी प्रकृति भाव के रूप में मां भगवती को अति प्रिय है, जिसके कारण भक्तों का कल्याण होता है। जीव की भक्ति जब तक प्रकृति को जागृत नहीं करती, तब तक उसका कल्याण संभव नहीं है। आदिशक्ति जागृत होकर ही दानव का संहार कर भक्तों का कल्याण करती है। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, अरुण स्वामी, मेहरचंद जैन, राजेंद्र धीमान, मांगेराम, निखिल त्यागी, रमेश शर्मा, अनिल चौहान, रमेश रोहिल्ला, विकास वर्मा, नरेश चंदेल, प्रेम सिंह, संजय सैनी, वर्षा, किरण, बबली, गीता, बबीता मौजूद रहे।