सहारनपुर। महानगर वासियों के लिए खुशखबरी है, विकास प्राधिकरण करीब 52. 2 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नई टाउनशिप विकसित करेगा। इसके लिए विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। इस प्रस्ताव को जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद आगामी कार्यवाही शुरू की जाएगी।
लंबे समय से सहारनपुर विकास प्राधिकरण के पास अपना लैंड बैंक नहीं होने से नई टाउनशिप विकसित नहीं हो पा रही थी। विकास प्राधिकरण के 1995 में गठन के बाद ट्रांसपोर्ट नगर योजना के लिए भूमि अर्जित की गई थी। इसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर को विकसित किया गया। इस योजना के बाद विकास प्राधिकरण द्वारा कोई भूमि अर्जित नहीं की गई। प्रदेश में जिन विकास प्राधिकरणों के पास लैंड बैंक शून्य या नगण्य है उनसे आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण, नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत भूमि अर्जन के लिए प्रस्ताव मांगे थे। इस पर विकास प्राधिकरण ने 52.2 हेक्टेयर क्षेत्रफल में टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में स्वीकृत किया है। जिससे शासन को भेजा जाएगा, इसकी मंजूरी के बाद विकास प्राधिकरण आगामी कार्यवाही शुरू करेगा।
तीन गांवों में चिह्नित की गई भूमि
नई टाउनशिप विकसित करने के लिए विकास प्राधिकरण ने तीन गांवों में भूमि चिह्नित की है। इनमें बहलोलपुर, सैदपुरा और चुनैटी गाडा शामिल हैं। इन तीनों गांवों में लगभग 52.2 हेक्टेयर भूमि का चिह्नीकरण किया गया है। नई टाउनशिप में भूखंड के अलावा भवनों का निर्माण भी होगा।
विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में नई टाउनशिप विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है। नई टाउनशिप के लिए तीन गांवों में करीब 52.2 हेक्टेयर भूमि अर्जित की जाएगी। इस प्रस्ताव को शासन को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद आगामी कार्यवाही शुरू की जाएगी।
गजेंद्र कुमार, सचिव विकास प्राधिकरण