सहारनपुर। अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मंगलवार को विकास प्राधिकरण की टीम ने नवादा रोड स्थित फतेहपुर जट्ट में काटी जा रही अवैध कॉलोनी की सड़क को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त करा दिया, साथ ही उन्होंने तीन स्थानों पर हो रहे अवैध निर्माणों को सील भी किया।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया नवादा रोड पर फतेहपुर जट्ट में करीब 40 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। इसमें लगभग डेढ़ फीट ऊंची दीवार करके और 15 फीट चौड़ी मिट्टी की फड़ तैयार कर की गई प्लाटों की निशानदेही और सड़क को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा देहरादून रोड पर भूतल पर लगभग 800 वर्ग मीटर के भूखंड के एक हिस्से पर एक भवन का निर्माण कार्य को भी सील किया गया।
चिलकाना रोड पर मानचित्र स्वीकृत कराए बिना किए जा रहे पांच दुकानों के निर्माण कार्य को भी सील किया गया। हाकिमपुरा रोड पर कराए जा रहे टीन शेड के निर्माण कार्य को भी विकास प्राधिकरण की टीम ने सील किया। इस दौरान सचिव रामजीलाल, सहायक अभियंता सार्थक शर्मा, अवर अभियंता सुधीर कुमार, हरिओम गुप्ता, रोहित कुमार एवं प्रदीप गोयल, मेट राहुल कुमार, विश्वास कुमार, अमरनाथ, मदनपाल, और जेसीबी चालक सतेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।