-भर्ती होने वालों में दो बच्चे भी शामिल, मंगलवार को पांच नए मरीज मिले
-बदलते मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में अब डेंगू डराने लगा है। हाल ये है कि डेंगू पीड़ितों के अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आ गई। पांच मरीजों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वहीं, मंगलवार को पांच और नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई।
मौसम का बदला हुआ मिजाज लोगों को बीमार बना रहा है। एक ओर जहां वायरल बुखार ने लोगों को पूरी तरह से जकड़ लिया है, वहीं डेंगू भी तेजी के साथ लोगों को गिरफ्त में ले रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भीड़ उमड़ रही। स्वास्थ्य विभाग को राजकीय मेडिकल कॉलेज से पांच डेंगू पीड़ितों की रिपोर्ट मिली है, जिनमें तीन शहर की अलग-अलग काॅलोनी और दो सरसावा क्षेत्र के रहने वाले हैं। मंगलवार को पांच नए डेंगू मरीजों के आने से अब जिले में संख्या 24 तक पहुंच गई है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में डेंगू वार्ड के प्रभारी डॉ. अनिल ने बताया कि इस समय वार्ड में डेंगू के पांच मरीज भर्ती हैं, जबकि दो डेंगू मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। जो मरीज वार्ड में भर्ती हैं, उनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। ऐसे में लोगों को डेंगू से बचाव करना बेहद जरूरी है। क्योंकि इन दिनों मौसम में तेजी के साथ बदलाव हो रहा।