-राजकीय मेडिकल कॉलेज से आई जांच रिपोर्ट
-पीरवाली गली की रहने वाली है डेंगू पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में एक के बाद एक डेंगू के मरीज मिलने लगे हैं। बृहस्पतिवार को 12 साल की किशोरी में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि एक घर में डेंगू का लार्वा पनपता मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंटी लार्वा का छिड़काव कराया।
महानगर में पीरवाली गली निवासी 12 वर्षीय किशोरी को बुखार होने पर परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे। वहां चिकित्सक को किशोरी में डेंगू के लक्षण दिखाई दिए तो उन्होंने उसकी डेंगू की जांच कराई। जांच रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आई, जिसमें किशोरी में डेंगू होने की पुष्टि हुई। इसकी जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम पीरवाली गली में पहुंची और यहां पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। इसके अलावा अन्य घरों की भी जांच की। जांच के दौरान एक घर के कूलर में डेंगू का लार्वा मिला। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि अब तक जिले में डेंगू के दो मरीज मिल चुके हैं। बुखार होने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाएं।