सहारनपुर। जिले में मौसम बदलते ही डेंगू का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। मंगलवार को 13 साल के बच्चे में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब तक जिले में 1074 लोगों की डेंगू जांच हो चुकी है। जिनमें चार मामले सामने आ गए।
सितंबर और अक्तूबर माह डेंगू को लेकर बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। इन दोनों महीने में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ जाती है। विभाग की टीम डेंगू को लेकर संवेदनशील गांवों और शहरी क्षेत्र में जांच कर रही है। डेंगू की जांच राजकीय मेडिकल कॉलेज और एसबीडी जिला अस्पताल में एलाइजा मशीन से जाती है। यहीं नहीं प्राइवेट पैथोलॉजी में डेंगू जांच के लिए 600 रुपये शुल्क निर्धारित है। बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है, जिससे डेंगू के मामले भी बढ़ गए हैं।
मोहल्ला नूरबस्ती निवासी 13 साल के बच्चे को कई दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसकी जांच राजकीय मेडिकल कॉलेज में कराई। जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को आई। रिपोर्ट में डेंगू आया। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने बच्चे का इलाज शुरू कर दिया है। उधर, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि जिस तरह से मौसम का उतार चढ़ाव चल रहा है। सितंबर व अक्तूबर महीने डेंगू के मामले में संवेदनशील रहता है। इसलिए लोगों से अपील है कि वह साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।