- भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन के आह्वान पर मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय पहुंचे थे छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। फीस वृद्धि को लेकर विद्यार्थियों में रोष है। मुजफ्फरनगर के बाद शुक्रवार को सहारनपुर के विद्यार्थियों ने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय पहुंचकर फीस वृद्धि के खिलाफ हंगामा और प्रदर्शन किया। उन्होंने स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के फेल होने के लिए भी विश्वविद्यालय की व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया। कुलपति प्रो. एचएस सिंह को ज्ञापन सौंपकर फीस में की गई वृद्धि वापस लेने तथा फेल छात्रों को पास कराने की मांग की।
भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन के आह्वान पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थी मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सौरभ और सन्नी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने कई पाठ्यक्रमों में फीस वृद्धि की है। महाविद्यालयों में ज्यादातर विद्यार्थी गरीब और किसान परिवारों से आते हैं, जिनके लिए फीस वृद्धि को स्वीकार करना मुश्किल है। वह फीस वृद्धि वापस लेने की मांग लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे हैं। यदि विश्वविद्यालय ने उनकी मांग नहीं मानी तो छात्र हितों में आंदोलन चलाया जाएगा।
शुभम ने कहा कि बीए, बीएससी और बीकॉम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी फेल कर दिए गए हैं। ऐसा विश्वविद्यालय द्वारा नई व्यवस्था लागू करने के कारण हुआ है, जिसका ज्यादातर विद्यार्थियों को पता तक नहीं था। विश्वविद्यालय को चाहिए कि वह फेल छात्रों को पास कर अगले सेमेस्टर या कक्षा में प्रवेश दिलाए।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद छात्रों ने कुलपति प्रो. एचएस सिंह से मुलाकात कर उनको अपना मांग पत्र सौंपा। विश्वविद्यालय पहुंचने वालों में अनामिका, स्वाति, तनु, आशा, आंचल, महक, रीतु, रिया, खुशी आदि शामिल रहे।
- एबीवीपी ने भी किया प्रदर्शन
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय द्वारा महाविद्यालयों में संचालित अनेक पाठ्यक्रमों में की गई फीस वृद्धि को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. एचएस सिंह का घेराव कर प्रदर्शन किया। वैभव शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने परीक्षा शुल्क बढ़ाकर दोगुना कर दिया है, जो स्वीकार्य नहीं है। शुभम गोयल ने बताया कि दो दिन पहले परीक्षा नियंत्रक से भी शुल्क वापस लेने की मांग की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। बढ़ा हुआ शुल्क वापस नहीं हुआ तो एबीवीपी छात्र हितों में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। प्रदर्शन करने वालों में रित्विक गोयल, आशु वालिया, वजाहत शरीफ, सिद्धांत, साहिल, प्रशांत पुंडीर, चेतन शर्मा, शिवा कुमार आदि शामिल रहे।