सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को तीन अवैध कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। साथ ही एक अवैध निर्माण को सील भी किया।
जोन एक में देहरादून रोड पर बिजलीघर से आगे एक व्यक्ति द्वारा 300 वर्ग मीटर में हॉल का निर्माण कराया जा रहा था, जिसे सील किया गया। जोन चार में जंधेड़ी टेलीफोन एक्सचेंज के पास अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही थी। यहां प्राधिकरण ने जेसीबी की मदद से अवैध कॉलोनी में बनी सड़कों आदि को ध्वस्त कराया। जोन दस में मनोहरपुर के पास अवैध रूप से काटी गई कॉलोनी में भरी गई नीव आदि को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कराया गया। जोन दस ही में दिल्ली रोड पर डीपीएस के पास काटी जा रही अवैध कॉलोनी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।