सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की अवैध काॅलोनियों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई लगातार जारी है। विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को अवैध रूप से विकसित की जा रही दो काॅलोनियों में बुलडोजर की सहायता से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि मल्हीपुर में यूको बैंक के सामने और आम के बाग के पीछे, करीब आठ बीघा जमीन पर प्लाटों और सड़कों के लिए डिमार्केशन का कार्य किया गया था। इसके अलावा पेपर मिल रोड पर करीब तीन हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में भूमि का सीमांकन कर बाउंड्रीवाल का निर्माण और भूमि के समतलीकरण के लिए मिट्टी भराव का कार्य किया जा रहा था। साथ ही एक अनधिकृत मानचित्र के आधार पर भूखंडों की बिक्री की जा रही थी। विकास प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर की सहायता से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान सहायक अभियंता डीके शर्मा, अवर अभियंता सुधीर कुमार एवं शमीम अख्तर, मेट मदनपाल, विश्वास कुमार शर्मा, रिजवान अली, वैभव, आबिद आदि मौजूद रहे।