रामपुर मनिहारान में विधायक देवेंद्र निम को ज्ञापन सौंपते परीक्षार्थी। श्रोत परीक्षार्थी
रामपुर मनिहारान। यूपी पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा का पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए परीक्षार्थियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन विधायक देवेंद्र निम को सौंप कर भर्ती परीक्षा दोबारा कराने की मांग की है।
बुधवार को पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों ने कस्बे के शहरीपुल पर एकत्र होकर विधायक देवेंद्र निम को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया कि पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर समय से पूर्व सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस परीक्षा को जांच कर निष्पक्ष रूप से अनियमितता दूर करते हुए कड़ाई से पालन करते हुए फिर से संपन्न कराया जाए, ताकि मेहनत करने वाले परीक्षार्थियों को इंसाफ मिल सके। ज्ञापन देने वालों में दीपक पंवार, शुभम कुमार, भूपेंद्र, पंकज, अनिकेत, सुमित, आकाश कुमार, रोहित राणा, गौरव कुमार, शुभम सैनी, निशांत, सौरभ आदि रहे।